बिजनौर में शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरातफरी; नगीना स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से बड़ी खबर सामने आई है। शहीद एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। आग ट्रेन के A6 कोच में लगी, जिसके बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए ट्रेन को बिजनौर के नगीना रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, चलती ट्रेन के स्लीपर कोच में आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। ट्रेन रुकते ही कई यात्री घबराकर बोगी से बाहर कूदने लगे।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री के आग से झुलसने की सूचना नहीं है। हालांकि, अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। रेलवे और संबंधित अधिकारियों की ओर से घटना की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



