एल्डिको सिटी स्काईवॉक टावर में शटरिंग के दौरान पांचवीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित एल्डिको सिटी के स्काईवॉक टावर में सोमवार की सुबह निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शटरिंग लगाते समय पांचवीं मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान बहराइच जिले के सुजौली निवासी रामकुमार साहनी (38) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामकुमार सुबह टावर की पांचवीं मंजिल पर शटरिंग लगाने का काम कर रहा था।

इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से सिर में गंभीर चोटें आईं। साथियों ने तुरंत संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं मृतक रामकुमार के साथ काम करने वाले रामलखन ने बताया कि रामकुमार सटरिंग में सरिया बांध रहा था तभी सरिया अचानक खुल गयी और वह पांचवी मंजिल से नीचे गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। मौके पर मौजूद मजदूरों के अनुसार, निर्माण कार्य ठेकेदार मनोज के माध्यम से कराया जा रहा था। स्काईवॉक टावर पांच मंजिला है, जहां दीवारों का निर्माण पूरा हो चुका था और छत डालने की तैयारी चल रही थी। हादसे के बाद निर्माण कार्य तत्काल बंद कर दिया गया और अन्य मजदूरों को घर भेज दिया गया।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *