तमिलनाडु की संस्था से फंडिंग का दावा
डायरी से कई जिलों तक फैले नेटवर्क के मिले सुराग
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। भरसवा गांव से पकड़े गए कथित धर्मांतरण गिरोह की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता, इलाज, विवाह व संतान सुख का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करता था। मामले में पुलिस ने डेनियल, उसकी पत्नी सुबला, चंद्रभान, आरती, सीमा, शीला और अजय रावत समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
आरोपियों के पास से धार्मिक साहित्य, बैंक स्टेटमेंट, दस्तावेज और एक डायरी बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार डायरी में कई परिवारों के नाम और संपर्क विवरण दर्ज मिले हैं। प्रारंभिक जांच में नेटवर्क के तार सुल्तानपुर, वाराणसी समेत कई जिलों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि बैंक लेनदेन व बरामद दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










