पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक ने एक बुजुर्ग को रौंद दिया। गंभीर हालत में उसे सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक बंथरा के खसरवारा निवासी संतराम (60) मजदूरी करता था। उसने दो शादियां की थी, दोनों पत्नियों की मौत हो चुकी है। संतराम के परिवार में एक विवाहित बेटा विपुल है। सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे संतराम गांव के बाहर खड़ंजे के किनारे पेड़ के नीचे बैठा था।
तभी उम्मेदखेड़ा-खसरवारा खड़ंजा मार्ग पर स्थित मुर्गी दाना कम्पनी जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने संतराम को रौंद दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने दौड़ाया तो ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर कंपनी की ओर भाग निकला। इससे गुस्साए ग्रामीण भी मुर्गी दाना कंपनी पहुंच गए। लेकिन ट्रक चालक फरार हो गया। बाद में सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने के साथ 108 एंबुलेंस से घायल संतराम को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर घटना की जानकारी पाकर एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा भी सीएचसी सरोजनीनगर पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।










