अलीगंज समेत चार थाना क्षेत्रों में हुई चेन स्नेचिंग का खुलासा
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। अलीगंज, गाजीपुर, विकासनगर और गुडंबा थाना क्षेत्रों में हुई चेन स्नेचिंग की चार घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अंतरराज्यीय लुटेरों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिषेक गुप्ता उर्फ जानू और ब्रजेश्वर अग्निहोत्री उर्फ वासु के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित अपने दो साथियों के साथ पांच अगस्त को दिल्ली से लखनऊ आए थे। छह अगस्त की रात से सात अगस्त की सुबह तक चारों ने गाजीपुर, विकासनगर, अलीगंज और गुडंबा क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की चार वारदातों को अंजाम दिया। घटनाओं के बाद पुलिस ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
संदिग्ध वाहन का नंबर मिलने के बाद पुलिस टीम दिल्ली पहुंची, जहां चार सितंबर को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि लूटी गई चेन को बेचने से मिले एक लाख पैंतीस हजार रुपये से चार पहिया वाहन खरीदा गया था। पुलिस ने लूट की रकम से खरीदा गया इयूलर टर्बो ईवी 1000 वाहन और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरोह राह चलते लोगों को निशाना बनाकर झपट्टा मारकर चेन छीनता था।
मामले में दो अन्य आरोपित अभिषेक वाल्मीकि और देव गुप्ता फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। गिरफ्तार अभिषेक गुप्ता का विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हथियार अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम समेत कई मुकदमों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।