विनोद तावड़े ने 2027 के लिए तय किया 312 सीटों का लक्ष्य....बोले-दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कार्यकतार्ओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कार्यकतार्ओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव केवल उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का भी अवसर है। तावड़े ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज करनी होगी। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए याद दिलाया कि उस समय भाजपा ने अकेले 312 सीटों पर जीत हासिल की थी।
उन्होंने कार्यकतार्ओं से इसी प्रदर्शन को दोहराने के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में जुटने को कहा। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए तावड़े ने साहित्यकार हरिशंकर परसाई की व्यंग्य रचना 'भेड़ और भेड़िये' का जिक्र किया। उन्होंने कार्यकतार्ओं से कहा कि वे सपा के पिछले शासनकाल और मौजूदा योगी सरकार के कार्यकाल की तुलना जनता के सामने रखें। कानून-व्यवस्था, विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर लोगों से सीधा संवाद करें, ताकि सरकारों के कामकाज को लेकर जनता के सामने तथ्य रखे जा सकें। उन्होंने चुनावी रणनीति में बूथ स्तर के माइक्रो मैनेजमेंट को अहम बताते हुए घर-घर संपर्क अभियान तेज करने पर जोर दिया। तावड़े ने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचें और उनके अनुभवों को दूसरे लोगों के साथ साझा करें।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के लाभ को जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जरूरत है। तावड़े ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य गरीब परिवारों तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ही We Will Do Itका उल्लेख करते हुए कार्यकतार्ओं से सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2027 में 312 सीटों का लक्ष्य हासिल करने के लिए संगठन के हर स्तर पर जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। बूथ की मजबूती, लाभार्थियों से संपर्क और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाना ही पार्टी की चुनावी रणनीति का प्रमुख आधार होगा।



