स्वतंत्रनिर्भीक पत्रकारिता
BREAKING NEWS
देश के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम के रूप में उभरा यूपीसीएम योगी ने पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के निधन पर शोक जतायाएयरपोर्ट पर श्रमिक संवाद के पहले संस्करण का आयोजनदीपोत्सव-2026 से पहले अयोध्या में यूपीएसटीडीसी की सौगातपूर्वी यूपी, लखनऊ- रायबरेली व उन्नाव में पहली नवंबर से होगी धान खरीदयूपी के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में आई 'सम्मान निधि'विनोद तावड़े ने 2027 के लिए तय किया 312 सीटों का लक्ष्य....बोले-दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता हैहर बूथ पर बनेगी पांच कार्यकतार्ओं की टीम: धर्मपाल सिंहयूपी में लगातार तीसरी बार बनाएंगे सरकार : पंकज चौधरीदीपावली-छठ पर 12 दिन तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसेंदेश के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम के रूप में उभरा यूपीसीएम योगी ने पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के निधन पर शोक जतायाएयरपोर्ट पर श्रमिक संवाद के पहले संस्करण का आयोजनदीपोत्सव-2026 से पहले अयोध्या में यूपीएसटीडीसी की सौगातपूर्वी यूपी, लखनऊ- रायबरेली व उन्नाव में पहली नवंबर से होगी धान खरीदयूपी के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में आई 'सम्मान निधि'विनोद तावड़े ने 2027 के लिए तय किया 312 सीटों का लक्ष्य....बोले-दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता हैहर बूथ पर बनेगी पांच कार्यकतार्ओं की टीम: धर्मपाल सिंहयूपी में लगातार तीसरी बार बनाएंगे सरकार : पंकज चौधरीदीपावली-छठ पर 12 दिन तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें

यूपी में मौसम के बाद सियासत में भी तूफान...अमित शाह की हुंकार, तीसरी बार भाजपा सरकार बनी तो UCC लागू

अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और कानून-व्यवस्था में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल हो चुका है।

यूपी में मौसम के बाद सियासत में भी तूफान...अमित शाह की हुंकार, तीसरी बार भाजपा सरकार बनी तो UCC लागू
शुक्रवार को लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करने के बाद संबोधित करते केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ।

रघुबीर शर्मा । लखनऊ


आज यानि शुक्रवार सुबह से जहां एक ओर अर्नब तूफान के असर से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहा, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की सियासत में भी चुनावी तूफान के संकेत मिलने लगे। लखनऊ पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से आगामी विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए विरोधियों को सीधी चुनौती दे दी। संदेश साफ है-तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी तो यूपी में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होगी! अखिलेश यादव पर राम मंदिर और गरीबों के मुद्दे पर तीखा हमला, राहुल गांधी पर सियासी वार और पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का संदेश। अमित शाह की इस हुंकार ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

अमित शाह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार 'अंगद के पांव' की तरह अडिग है और उसे कोई हिला नहीं सकता। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और संगठन में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। हाल के दिनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली को लेकर पार्टी के कुछ सांसदों और विधायकों की ओर से उठाए गए सवालों के बीच शाह ने नेताओं को आपसी नाराजगी भुलाकर एकजुट होने की नसीहत भी दी।

सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, राम मंदिर और गरीब कल्याण का किया जिक्र

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह ने सपा और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग कभी सत्ता में रह चुके हैं, उन्हें जनता के सामने अपने कामकाज का हिसाब देना चाहिए।शाह ने राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गईं, जबकि भाजपा ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया। उन्होंने दावा किया कि जनता सपा नेतृत्व को उसकी पुरानी नीतियों के लिए माफ नहीं करेगी। गरीबों के मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए पर्याप्त काम नहीं किया।

केंद्रीय गृहमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि देश में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया गया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का भी उल्लेख किया और कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को गिराए जाने की जिम्मेदारी स्वीकार की थी।

वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को दी चुनौती

अमित शाह ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष अपनी कमियों पर विचार करने के बजाय चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा संसद में इन मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। शाह ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि विशेष सत्र बुलाकर चर्चा की जा सकती है और भाजपा हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि यदि कांग्रेस का राजनीतिक रवैया इसी तरह जारी रहा, तो पार्टी को आने वाले 30 वर्षों तक भी जीत हासिल करने में मुश्किल होगी। इसके विपरीत उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अगले 30 वर्षों तक बनी रह सकती है। उन्होंने इसका श्रेय प्रदेश के मतदाताओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को दिया।

अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की प्रशंसा की।

अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और कानून-व्यवस्था में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल हो चुका है।शाह के मुताबिक, राज्य में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त शासन व्यवस्था के जरिए प्रदेश को माफिया से मुक्त करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अर्जुन की तरह लक्ष्य पर नजर रखनी होगी। पार्टी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है।

यूसीसी लागू करने की घोषणा से चुनावी एजेंडे को मिलेगी धार

उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने की अमित शाह की घोषणा को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा लंबे समय से यूसीसी को अपने प्रमुख वैचारिक मुद्दों में शामिल करती रही है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में इसे लागू करने का वादा चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बन सकता है।समान नागरिक संहिता का उद्देश्य विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे नागरिक मामलों में धर्म के आधार पर अलग-अलग व्यक्तिगत कानूनों के स्थान पर समान कानूनी प्रावधान लागू करना है। हालांकि, इसके स्वरूप और प्रावधानों को लेकर देश में लंबे समय से राजनीतिक एवं सामाजिक बहस जारी है।उत्तराखंड में यूसीसी लागू की जा चुकी है, जबकि गोवा में पहले से ही एक समान नागरिक कानून व्यवस्था की ऐतिहासिक परंपरा है। गुजरात और अन्य राज्यों में भी इस दिशा में अलग-अलग स्तरों पर पहल की गई है। उत्तर प्रदेश में इसे लागू करने की घोषणा से यह मुद्दा आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक बहस के केंद्र में आ सकता है।भाजपा नेतृत्व ने वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले विभिन्न राज्यों में यूसीसी लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने की मंशा जताई है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में इस घोषणा को पार्टी की व्यापक राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ बंद कमरे में चर्चा

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करने के बाद अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के साथ बंद कमरे में बैठक की। बताया जा रहा है कि करीब 15 मिनट चली इस चर्चा में संगठन, सरकार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विधान परिषद चुनावों के दौरान वाराणसी, लखनऊ और आगरा में मिली हार के कारणों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही पार्टी के नाराज सांसदों और विधायकों की शिकायतों को दूर करने तथा संगठन में समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।अमित शाह ने नेताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्ष की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए रणनीति तैयार करने और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की नसीहत भी दी।

अमित शाह ने डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विवि में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का किया उद्घाटन

वहीं, इससे पहले केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया।डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की शुरुआत अमित शाह ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा के संस्थापक विचारकों डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे भी गूंजे।भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं पूर्व प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अमित शाह ने दीप प्रज्ज्वलित कर औपचारिक रूप से कार्यसमिति की कार्यवाही का शुभारंभ किया। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन विधान परिषद सदस्य एवं पार्टी के पूर्व महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल कर रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अमित शाह का स्वागत किया।

साझा करें:fxw
हर खबर, हर पल — जुड़े रहें!हर बड़ी खबर सबसे पहले पाने के लिए हमारे न्यूज़लेटर से जुड़ें