विधायक ने परखी आंगनबाड़ी के पोषण आहार की गुणवत्ता
व्यंजन प्रदर्शनी में शामिल होकर बच्चों और माताओं के पोषण पर दिया जोर

कांट /शाहजहांपुर। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत सेवा संकल्प, राष्ट्र प्रथम की प्रेरणा के साथ क्षेत्र के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रमों के बाद शनिवार को ब्लॉक सभागार कांट में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ददरौल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराए जाने वाले पोषण आहार से तैयार विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण आहार की उपयोगिता और उससे तैयार किए जाने वाले व्यंजनों की जानकारी दी। विधायक अरविंद सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और तैयार व्यंजनों को ग्रहण कर उनके बारे में जानकारी ली। इसके अलावा सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्तात्रिं को बताया और वादा किया सरकार आगे भी आपकी सैलरी समय अनुसार बढ़ाएगी। इसके बाद मातृ वंदना योजना के अंतर्गत विधायक ने दो लाभार्थियों को प्रस्तुति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास से जुड़े पहलुओं पर ध्यान दिया गया।
प्रतियोगिता के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि बच्चों और महिलाओं के स्वस्थ जीवन के लिए पोषण बेहद महत्वपूर्ण है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सरकार की पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के साथ लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि जी. चौहान, प्रभारी सीडीपीओ पूनम, सुपरवाइजर जूली, नेहा द्विवेदी, योगेंद्र कुमार, शिवानंद सिंह राठौड़, विनीत चौधरी, दिलीप कुशवाहा, अनुराग मिश्रा, संजय सिंह साइज समेत ब्लॉक क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती मौजूद रहीं।



