बालिका कबड्डी : अंडर-14 व अंडर-19 में वाराणसी, अंडर-17 में गाजियाबाद बनी चैंपियन

लखनऊ, पायनियर समाचार सेवा। वाराणसी और गाजियाबाद की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीआईएससीई (यूपी) रीजनल बालिका कबड्डी टूर्नामेंट-2026 के विभिन्न आयु वर्गों में खिताब अपने नाम किए। लखनऊ पब्लिक कॉलेज, ए-ब्लॉक, राजाजीपुरम में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों को पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

तीन से पांच अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के आगरा, गोरखपुर, लखनऊ साउथ, वाराणसी, गाजियाबाद, लखनऊ नॉर्थ, कानपुर साउथ और बरेली जोन की टीमों ने भाग लिया। अंडर-14 वर्ग में वाराणसी ने पहला, गाजियाबाद ने दूसरा और लखनऊ साउथ जोन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में गाजियाबाद ने खिताब जीता, जबकि वाराणसी उपविजेता और लखनऊ साउथ जोन तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 वर्ग में वाराणसी ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, गाजियाबाद दूसरे और लखनऊ साउथ जोन तीसरे स्थान पर रहा।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज की निदेशिका श्रीमती निकिता सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए खेलों को व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की तथा अधिकारियों, टीम प्रबंधकों और कोचों को स्मृति चिन्ह एवं शिशु तरु भेंट कर सम्मानित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती भारती गोसाईं ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अब मेरठ में आयोजित होने वाली सीआईएससीई राष्ट्रीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *