सोना एक महीने के उच्चतम स्तर 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर, चांदी में 6,200 रुपये की तेजी

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी आई और यह एक महीने के सबसे ऊंचे स्तर 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। ऐसा वैश्विक स्तर पर कीमती धातुओं की कीमतों में भारी उछाल के कारण हुआ। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,500 रुपये यानी 1.7 प्रतिशत बढ़कर 1,50,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) हो गई। मंगलवार को यह 1,47,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

इससे पहले यह कीमती धातु छह जुलाई को इस स्तर के आसपास कारोबार कर रही थी। उस समय यह 1,50,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। पिछले कारोबारी सत्र में स्थिर रहने के बाद चांदी की कीमतों में फिर से तेजी आई और यह 6,200 रुपये बढ़कर लगभग एक महीने के उच्चतम स्तर 2,32,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गई। पिछले सत्र में यह 2,26,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। इससे पहले चांदी नौ जुलाई को इस स्तर के आसपास कारोबार कर रही थी, जब यह 2,32,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि सोने की कीमतें एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गर्इं। होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए संभावित अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने महंगाई की चिंताओं को कम किया और फेडरल रिजर्व द्वारा अधिक मौद्रिक सख्ती की उम्मीदों को घटाया। वैश्विक बाजारों में, हाजिर सोना 85.28 डॉलर यानी 2.09 प्रतिशत बढ़कर 4,162.76 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी तीन प्रतिशत से अधिक बढ़कर 61.35 डॉलर प्रति औंस हो गई।

मिराए एसेट शेयरखान में प्रमुख (जिंस) प्रवीण सिंह ने कहा कि वैश्विक बाजार में हाजिर सोना दो प्रतिशत की तेजी के साथ 4,160 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की चिंताएं कम हुई हैं।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *