उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ से जुड़े लेखपालों ने तहसील परिसर में मांगों को लेकर दिया धरना

आठ सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
तहसील में लेखपालों का धरना, मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भेजाबेहट। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ से जुड़े लेखपालों ने तहसील बेहट परिसर में अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। तहसील अध्यक्ष रवि कुमार सैनी के नेतृत्व में लेखपाल तहसील प्रांगण में बैठे और नारेबाजी की। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित 8 सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी विकास कुमार पांडे को सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि 10 वर्षों से लंबित प्रारंभिक वेतनमान 2800 ग्रेड पे की विसंगति दूर की जाए। शासनादेश 23 अगस्त 2018 के तहत 2019 में 650 लेखपालों का गृह मंडल स्थानांतरण किया गया था, लेकिन पोर्टल पर लंबित आवेदनों पर कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लेखपाल मानसिक रूप से परेशान हैं। लंबित पदोन्नति सूची जारी करने, वर्ष 2024 के नवनियुक्त लेखपालों की प्रशिक्षण परीक्षा के एक वर्ष बाद भी परिणाम घोषित न होने पर परिणाम जारी करने, भत्तों में वृद्धि, ग्राम सचिवालय में बैठने की बाध्यता से मुक्ति और तकनीकी कार्य के लिए लैपटॉप-मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग की गई। धरने में सचिव रिंकू गौतम, मुस्तकीम, सोनू, दिनेश तोमर, अक्षय कुमार, सचिन शेखर, विपिन सिरोही, अनूप चौहान, प्रवीण यादव, सूरज पवार, रमिता राणा, शिवांगी जैन, शुभम अग्रवाल, अमित खटाना, सुरेंद्र सिंह, नवीन सैनी, सचिन बालियान, फहीम अहमद मौजूद रहे।
लेखपाल संघ का प्रदर्शन, मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
नकुड़। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ इकाई नकुड़ ने 8 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। संघ अध्यक्ष राकेश सोलंकी और महासचिव सुशील कुमार के नेतृत्व में लेखपाल नारेबाजी करते हुए संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
प्रमुख मांगों में प्रारंभिक वेतनमान 2800 ग्रेड पे लागू करना, 8 वर्षों से लंबित अंतर-मंडलीय स्थानांतरण और 2 वर्षों से रुकी पदोन्नति सूची जारी करना, 16 वर्षों से भत्तों में वृद्धि न होना, तकनीकी कार्यों हेतु लैपटॉप-मोबाइल उपलब्ध कराना और ग्राम सचिवालयों में बुनियादी सुविधाओं व सुरक्षा की व्यवस्था शामिल है।
संघ ने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, काली पट्टी बांधकर कार्य, रक्तदान शिविर, बाइक रैली और 24 अक्टूबर से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना होगा। इस दौरान अमित सैनी, अनुराग कुमार, प्रताप पुंडीर, सचिन कुमार सहित कई लेखपाल मौजूद रहे।



