त्योहारों से पहले लखनऊ में नगर निगम का महा सफाई अभियान शुरू

- सभी 8 जोनों में एक साथ उतरीं टीमें, मंदिरों, घाटों, छठ पूजा स्थलों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम लखनऊ ने विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे इस व्यापक अभियान के अंतर्गत बुधवार को शहर के सभी आठ जोनों में एक साथ विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। समस्त जोनल सेनेटरी ऑफिसर्स की निगरानी में सफाई कर्मचारियों और संबंधित टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य कराया। अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इसके तहत नालियों की सफाई, कूड़ा उठान, सीएमडी वेस्ट का उठान, मंदिरों के आसपास विशेष सफाई, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, पार्कों की साफ-सफाई तथा हॉर्टिकल्चर वेस्ट को हटाने का कार्य प्राथमिकता पर कराया जा रहा है। नगर निगम द्वारा विशेष रूप से मंदिरों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख चौराहों, कॉलोनियों और छठ पूजा स्थलों को अभियान में शामिल किया गया है, ताकि त्योहारों के दौरान इन स्थानों पर स्वच्छता बनी रहे। जोन-1: राजभवन कॉलोनी, गौतम पल्ली, लोहिया पथ, सुल्तानपुर रोड, बटलर कॉलोनी, गन्ना संस्थान के आसपास, नरही और हजरतगंज क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जोन-2: जीवन हॉस्पिटल के पास सेक्टर-12, बावली चौकी के पास सेक्टर-12, अली तरंग पड़ाव घर के पास, टिकट राय तालाब, गुडलैक लॉन, मंदिर के आसपास, सपना कॉलोनी, ऐशबाग, न्यू हैदरगंज, भरतपुरी बी, पारदर्शी, पुलिस लाइन गेट नंबर-02, होटल राज पैलेस के पास, मवैया, नेहरू नगर, चारबाग, काउन गेट, जुवाली, राजेन्द्र नगर, अग्रवाल मार्ग और पीली कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई एवं नाली सफाई का कार्य कराया गया। जोन-3: छोटा चांदगंज, सी.पी., सबौली सेक्टर-सी, जोशी टोला, सेक्टर-जी अलीगंज, बाबा की संगत, विवेकानंदपुरी, तिवारीपुर, सेक्टर-बी, अहिबरनपुर, अजीज नगर, लक्ष्मी नगर, नौबस्ता, मधुबन विहार, दीन दयाल नगर, प्रियदर्शनी कॉलोनी सेक्टर-डी, मड़ियांव गांव, पहाड़पुर और मोहन मीकिन क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया।
इसी तरह से अन्य जोनों के इलाकों में भी सफाई अभियान चलाया जायेगा। नगर आयुक्त ने बताया कि यह विशेष अभियान लगातार चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सभी जोनों में सफाई कार्यों की निगरानी की जा रही है, जिससे निर्धारित क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी कार्य प्रभावी ढंग से पूरे कराए जा सकें। नगर निगम का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में स्वच्छता का बेहतर वातावरण बना रहे।



