धनतेरस-दीपावली पर सर्राफा बाजारों की सुरक्षा बढ़ाएगी पुलिस

एसीपी ने व्यापारियों के साथ विकासनगर में की बैठक सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने और संदिग्धों पर नजर रखने के दिए निर्देश
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। धनतेरस और दीपावली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त पूर्वी के निर्देशन में एसीपी गाजीपुर अतुल कुमार पांडे के नेतृत्व में बुधवार को थाना विकासनगर परिसर में क्षेत्र के सर्राफा व्यापारियों के साथ सुरक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में एसीपी ने व्यापारियों से संवाद कर प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने और अन्य सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के साथ चोरी और टप्पेबाजी जैसी घटनाओं की आशंका भी रहती है। ऐसे में व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। एसीपी ने व्यापारियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।



