फुटपाथ पर सो रहे युवक को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

- बिठौली ओवरब्रिज के पास रात एक बजे हुआ हादसा
- चालक ट्रक छोड़कर फरार, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र में बिठौली ओवरब्रिज के पास मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फुटपाथ पर सो रहे करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची मड़ियांव पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी भेज दिया गया।
खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। मड़ियांव थाना प्रभारी आलोक राव ने बताया कि रात करीब एक बजे राहगीरों ने बिठौली ओवरब्रिज के पास हादसे की सूचना दी थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक की पहचान के लिए आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मड़ियांव थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक को पकड़ लिया गया है, फरार चालक और ट्रक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



