रंजिश में युवक को रास्ते से हटाने की रची साजिश,पांच गिरफ्तार

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बीकेटी के अस्ती रोड स्थित फार्म हाउस के बाहर बीते दिनों हुए युवक पर तमंचे से जानलेवा हमला करने के मामले में डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद ने घटना का खुलासा करते हुए प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक,वारदात की साजिश पुरानी रंजिश के चलते रची गई थी,मुख्य आरोपी उत्तम सिंह ने साथियों के साथ मिलकर अनिल की हत्या की योजना बनाई थी। इसके लिए सुपारी दिए जाने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे,जिन्दा कारतूस, एक खोखा और एक मिस कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस ने एक ई-रिक्शा भी कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार, मानपुर लाला निवासी अनिल एक नवंबर की रात करीब 8:07 बजे अस्ती रोड स्थित अजित मौर्या के फार्म हाउस से घर जा रहा था,वह गेट से मोटरसाइकिल निकाल रहा था,तभी एक युवक ने उससे पानी मांगा इसी दौरान झाड़ियों से दो अन्य युवक निकल आए और उसे घेरकर तमंचे से हमला कर दिया। बचाव में अनिल ने एक हमलावर का तमंचा पकड़ने का प्रयास किया,तभी गोली चल गई। इससे उसके हाथ और पेट में चोटें आईं,जान बचाने के लिए वह मोटरसाइकिल छोड़कर फार्म हाउस के अंदर भागा।
आरोप है कि हमलावरों ने उसका पीछा कर जान से मारने का प्रयास किया लेकिन वह किसी तरह बच न निकला,मामले में अनिल की तहरीर पर बीकेटी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की,विवेचना में मानपुर लाला निवासी उत्तम सिंह,टिकारी निवासी शुभम राजपूत,शिवम राजपूत,शिवम पाल और महिगवां के सरसवा निवासी अजय यादव के नाम सामने आए। बुधवार को पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मामपुर बाना अंडरपास के पास सर्विस लेन से सटे प्लॉट में दबिश देकर पांचों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक,पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 22 अक्टूबर 2025 को अनिल और उत्तम सिंह के परिवार के बीच विवाद हुआ था।
आरोप है कि उस दौरान अनिल ने उत्तम और उसके पिता के साथ मारपीट की थी। इस मामले में बीकेटी थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है,इसी रंजिश को लेकर उत्तम ने साथियों के साथ मिलकर अनिल की हत्या की योजना बनाई और सुपारी देकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर के दो और 12 बोर का एक तमंचा,315 बोर के चार जिंदा कारतूस व एक खोखा तथा 12 बोर के दो जिंदा कारतूस और एक मिस कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार उत्तम सिंह खेती और प्रॉपर्टी डीलिंग,शिवम पाल सब्जी की दुकान,शिवम राजपूत ऑटो संचालन,अजय यादव डिलीवरी स्टोर और शुभम खेती का काम करता है।



