अपराध नियंत्रण को लेकर एक्शन मोड में डीसीपी

मासिक अपराध गोष्ठी में एसीपी व थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश, रात गश्त बढ़ाने और पुराने अपराधियों के सत्यापन पर जोर
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए दक्षिणी जोन पुलिस सक्रिय हो गई है। बुधवार को डीसीपी मो. मुश्ताक की अध्यक्षता में दक्षिणी जोन पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार की मौजूदगी में डीसीपी ने सभी एसीपी व थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के सख्त निर्देश दिए। डीसीपी ने धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों, सर्राफा बाजारों व हॉटस्पॉट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा।
पटाखा दुकानों का सत्यापन, अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन और मेला व छठ पूजा स्थलों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग सहित सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।उन्होंने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, पिछले दस वर्षों के अपराधियों और जेल से छूटे अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने तथा चोरी, लूट, जुआ, मादक पदार्थों और अवैध असलहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने पर भी जोर दिया।डीसीपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कर्तव्यों में शिथिलता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।



