खड़े ट्रक में पीछे से घुसी बाइक हादसे में दुकानदार की मौत
इंडियन पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। पानखेड़ा की तरफ से घुरघुरी तालाब चौकी की ओर जा रहे बाइक सवार की मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार,बरकताबाद निवासी रामगोपाल पाल (40) मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे अपनी बाइक (यूपी 32 ईएक्स 3162) से पानखेड़ा की तरफ से घुरघुरी तालाब चौकी की ओर जा रहे थे।
रास्ते में इंडियन पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। बताया गया कि हादसे के समय रामगोपाल ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने निजी साधन से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बाद में ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामगोपाल कूड़ा प्लांट के सामने चाय-समोसे का होटल चलाते थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पत्नी पूनम और तीन बच्चे आर्यन, साक्षी व अभी को छोड़ गए हैं।वहीं इस संबंध मे काकोरी थाना प्रभारी सतीश चद्र राठौर ने बताया की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।



