त्योहार को देखते हुए लंबी दूरी की ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई जाएगी

गाजियाबाद। दीवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लंबी दूरी की ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। गाजियाबाद स्टेशन ठहरकर बिहार, झारखंड समेत अन्य राज्यों की ओर जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में जीआरपी के एस्कॉर्ट तैनात होकर कड़ी निगरानी रखेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही ट्रेन में होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाना है। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग दिल्ली-एनसीआर से अपने गृह राज्यों की ओर जाते हैं। इस वजह से बिहार और झारखंड समेत पूर्वी भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है।
भीड़ बढ़ने के कारण ट्रेनों के साथ ही प्लेटफार्म पर भी यात्रियों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में सामान चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जीआरपी की ओर से लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों में एस्कॉर्ट की तैनाती रहती है। अब आगामी त्योहार को देखते हुए लंबी दूरी की ट्रेनों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। जीआरपी गाजियाबाद के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिसोदिया ने बताया कि जीआरपी के एस्कॉर्ट ट्रेन के विभिन्न कोच में निगरानी रखेगी और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई करेगी। एस्कोर्ट में महिला पुलिसकर्मी भी रहेंगी। इसके अलावा यात्रियों से भी सतर्क रहने और अपने सामान की सुरक्षा खुद करने की अपील की जाएगी। स्टेशन पर भी त्योहार के दौरान भीड़ के हिसाब से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।



