सरिया लदा ट्रक पलटा, तीन की मौत 

हेमन्त पाठक। गोंडा

जिला में बृहस्पतिवार सुबह एक ट्रक पलटने से तीन मजदूरों की उसमे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर ट्रक में ही सवार थे। ट्रक चालक ने अचानक स्टेयरिंग से नियंत्रण खो दिया। जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के दौरान ट्रक में सवार चार अन्य मजदूरों ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा लिया है। यह हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के गोण्डा-बेलसर मार्ग पर स्थित माधवपुर गांव के पास सुबह 10 बजे के आसपास हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार एक ट्रक लोहे की सरिया लेकर जा रहा था। जब वह माधवपुर गांव के पास पहुंचा तो वहां के संकरे पुल को पार करते समय ड्राइवर ने स्टेरिंग से अपना नियंत्रण खो दिया और ट्रक पुल के नीचे गिरकर पलट गया। जिसके नीचे दबने से तीन मजदूरों रविंद्र पासवान (31 वर्ष), राजेंद्र पासवान (42 वर्ष) और रामगुलाम पासवान (30 वर्ष) की मौत हो गई। सूचना मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को गोण्डा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सभी मृतक मजदूर तरबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर गांव की रहने वाले हैं। बता दें कि यह ट्रक वीरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के लिए सुबह गोण्डा से सरिया लादकर मजदूरों सहित निर्माण स्थल पर जा रहा था। मृतकों में रविंद्र पासवान व राजेंद्र पासवान सगे भाई हैं। इस दर्दनाक घटना से गांव में कोहराम मच गया। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

 

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *