तेज बारिश व हवा के चलते नीम का पेड़ गिरने से पांच घरों की बिजली गुल,घंटो परेशान रहे लोग

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। शंकरपुरवा प्रथम वार्ड (92) के जाहिरपुर में नहर बाबा आटा चक्की के पास शनिवार सुबह करीबन आठ बजे तेज बारिश और हवा के चलते प्लॉट में लगा नीम का पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ में पांच घरों की बिजली के केबल दबकर जमीन पर गिर गए, जिससे रास्ता भी बाधित हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शिकायत के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ में फंसे तारों को काटकर पोल में लपेट दिया। कर्मचारियों ने बारिश रुकने के बाद कनेक्शन जोड़ने का आश्वासन दिया। बिजली कटने से लोगों को पीने के पानी, मोबाइल चार्जिंग समेत जरूरी कामों में परेशानी हुई।
सृष्टि अपार्टमेंट पावर हाउस के जेई संदीप यादव ने कर्मचारियों को भेजने का आश्वासन दिया, जबकि एसडीओ सौरभ उपाध्याय ने बताया कि मेन सप्लाई चालू होने के बाद कर्मचारी भेजकर कनेक्शन जुड़वा दिया जाएगा। हालांकि, शाम छह बजे तक बिजली कनेक्शन जोड़ने के लिए कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिससे बिजली उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई।



