पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। थाना बीकेटी क्षेत्र के गोसाईनपुरवा गांव में रविवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव के बाहर स्थित बंद पड़ी फैक्ट्री परिसर में एक चाय विक्रेता का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जबकि परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान गोसाईनपुरवा मजरा देवरीरुखारा निवासी प्रेमचंद गोस्वामी (50) पुत्र स्वर्गीय बैजनाथ के रूप में हुई है। बताया जाता है कि प्रेमचंद देवरी रुखारा क्रॉसिंग पर चाय और समोसे की दुकान संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित मुकेश जिंदल की बंद पड़ी फैक्ट्री परिसर में आम के पेड़ से उनका शव दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बीकेटी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही कर शव कों पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र,एक पुत्री और पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी बीकेटी संजय कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










