संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

शाहजहांपुर
। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 34 शिकायतें प्राप्त हुर्इं, जिनमें से 5 शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एसई अनुज प्रताप सिंह का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस, आईजीआरएस व जनता दर्शन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेकर मौके पर जाकर जांच करें। शिकायतकर्ता की उपस्थिति में जियो-टैग फोटो के साथ निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि फरियादी का सरकारी कार्यालय तक आना अपने आप में एक उम्मीद लेकर आना है। इसलिए प्रत्येक शिकायत को केवल आवेदन न मानकर वास्तविक समस्या समझते हुए संवेदनशीलता के साथ उसका समाधान किया जाए। निस्तारण केवल कागजों पर न हो, बल्कि धरातल पर दिखाई दे और फरियादी को वास्तविक राहत मिले।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अतुल कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



