बाल्टी में डूबने से छह माह के मासूम की मौत

मजदूरी पर गए पिता के लौटने तक उजड़ गई खुशियां

पायनियर समाचार सेवा। लखनऊ

थाना पीजीआई क्षेत्र स्थित सतगुरुपुरम कॉलोनी में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के भीतर खेल रहा छह माह का मासूम तख्त के नीचे रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मां ने बेटे की जान बचाने के लिए उसे लेकर आनन-फानन में कई निजी अस्पतालों का रुख किया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पहली संतान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से गोंसाईगंज क्षेत्र के रहने वाले कुलदीप अपनी पत्नी शिवानी के साथ पिछले करीब डेढ़ वर्ष से थाना पीजीआई क्षेत्र की सतगुरुपुरम कॉलोनी स्थित चरन भट्ठा रोड पर किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते हैं। करीब दो वर्ष पूर्व दोनों का विवाह हुआ था और छह माह का पुत्र शिवांश उनकी पहली संतान था।

बताया गया कि बुधवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे कुलदीप रोज की तरह काम पर निकल गए। उनके जाने के बाद शिवानी घरेलू कार्यों में व्यस्त हो गईं। इसी बीच मासूम किसी तरह पलटते हुए तख्त के नीचे रखी पानी से भरी बाल्टी तक पहुंच गया और उसमें गिर गया। घर के काम में व्यस्त मां को कुछ देर तक घटना का पता नहीं चल सका। जब शिवानी ने बच्चे की कोई आवाज या हलचल महसूस नहीं की तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान मासूम बाल्टी में पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और मदद के लिए शोर मचाया।

आसपास के लोगों और मकान मालिक की सहायता से बच्चे को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। इस बीच सूचना मिलने पर पिता कुलदीप भी अस्पताल पहुंच गए, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां शिवानी बेसुध हो गईं। वह बार-बार अपने लाल को सीने से लगाकर बिलखती रहीं और कई बार बेहोश भी हो गईं। पिता कुलदीप भी अपने इकलौते बेटे को खोने के गम में पूरी तरह टूट गए। अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी इस दर्दनाक मंजर को देखकर नम हो गईं।

घटना के बाद परिजन मासूम के शव को गोंसाईगंज स्थित अपने पैतृक गांव ले गए, जहां पूरे परिवार की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद सतगुरुपुरम कॉलोनी में भी शोक का माहौल बना रहा। फिलहाल हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *