नागोया। जापान ने शनिवार को रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ एशियाई खेलों के 20वें संस्करण का आगाज किया। नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित समारोह में जापान की तकनीकी क्षमता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। अगले 15 दिनों तक 45 देशों के करीब 11,000 खिलाड़ी 43 खेलों की 71 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। खेलों का समापन चार अक्टूबर को होगा।
‘हार्मोनिक हार्ट बीट’ थीम वाले समारोह में दिल के आकार के मुख्य मंच को ‘वन एशिया’ की थीम के अनुरूप तैयार किया गया था। करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में पारंपरिक जापानी कला के साथ अत्याधुनिक तकनीक का अनूठा मेल देखने को मिला। जापानी काबुकी मंच के साथ विशाल रोबोटिक भुजा ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
दो घंटे चले समारोह के दौरान जापान के सम्राट नारुहितो ने एशियाई खेलों के शुरू होने की घोषणा की। इस अवसर पर जापान की महारानी मासाको, एशिया की ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री मौजूद रहीं।
भारत के ध्वजवाहक निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत की अगुवाई में भारतीय दल ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। भारतीय पुरुष खिलाड़ियों ने गहरे नीले रंग की बंदगला जैकेट और उससे मेल खाती पतलून पहनी थी। हालांकि, आयोजन से पहले तैयारियों में प्रशासनिक और लॉजिस्टिक चुनौतियां भी सामने आईं। आवास और परिवहन व्यवस्था को लेकर आयोजकों तथा एशियाई ओलंपिक परिषद को लगातार सफाई देनी पड़ी। इसके बावजूद उद्घाटन समारोह के साथ प्रतियोगिताओं का औपचारिक आगाज हो गया।