ऋषिकेश में यातायात व्यवस्था चरमराई, जाम से जूझ रहे पर्यटक और स्थानीय लोग

ऋषिकेश। (रजनी गोयल) ऋषिकेश में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। पुलिस व होमगार्ड्स की भारी कमी के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव संभालना मुश्किल हो रहा है। जिससे सुबह से लेकर देर शाम तक शहर की प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग रहा है। पर्यटक और स्थानीय निवासी दिनभर जाम की समस्या से जूझने को मजबूर हैं।
कोतवाली चौक, कचहरी मार्ग, आईडीपीएल, ढालवाला और ऋषिकेश-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। गाड़ियां दिनभर रेंग-रेंग कर चल रही हैं। आगामी त्योहारों की खरीदारी और वीकेंड के चलते बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
शहर में यातायात प्रबंधन के लिए तैनात होमगार्ड और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की संख्या वाहनों के दबाव के मुकाबले काफी कम है। पर्याप्त पुलिस संख्या न होने से प्रमुख चौराहों पर जाम से निपटने के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। चंद्रभागा पुल, मुख्य बाजार क्षेत्र में संकरे मार्गों और अतिक्रमण के कारण भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।
जानकारी के मुताबिक 24 होमगार्ड की ड्यूटी कुंभ मेले में लगा दी गई है। जिस कारण ट्रैफिक को चलाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। टीएसआई रविकांत ने बताया कि ट्रैफिक चलाने के लिए होमगार्ड की डिमांड भेजी गई है। फिलहाल जितने भी होमगार्ड हैं, उनसे ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू चलाने की कोशिश है।



