हाइड्रोलिक मशीन की वजह से तीन वाहन आपस में टकरा गए

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बंथरा इलाके में गुरुवार शाम कानपुर रोड पर हाइड्रोलिक मशीन खड़ी कर उसके जरिए कानपुर एलिवेटेड एक्सप्रेस वे की छत में चल रहे कार्य की वजह से तीन वाहन आपस में टकरा गए। इस दौरान मशीन के चक्कर में इलेक्ट्रिक आटो चालक ने अपना वाहन दाहिने से निकालने की कोशिश की तो पीछे से आ रही ब्रेजा कार उससे टकराई। इसके बाद कार के पीछे चल रहा कंटेनर कार में टकराया। बाद में इस टक्कर से इलेक्ट्रिक ऑटो आगे खड़ी हाइड्रोलिक मशीन में जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में ऑटो चालक सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। वहीं ब्रेजा कार चालक भी चोटिल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार शाम बंथरा के जुनाबगंज में लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाली कानपुर रोड की पटरी पर बाएं किनारे खड़ी हाइड्रोलिक मशीन के जरिए एलिवेटेड एक्सप्रेसवे की छत में मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान लखनऊ से कानपुर की ओर सवारी लेकर जा रहे ऑटो के चालक काकोरी के चकौली निवासी अभिदेव (19) मशीन को देखकर अपने ऑटो को दाहिने तरफ से निकालने लगा। तभी ऑटो के पीछे चल रही ब्रेजा कार के चालक ने ऑटो को बचाने के चक्कर में अपनी गाड़ी की रफ्तार कम कर दी।
इसी बीच पीछे से आ रहे कंटेनर ने कार में ठोकर मार दी। जिसके बाद कार जाकर आगे ऑटो से टकरा गई और ऑटो आगे खड़ी हाइड्रोलिक मशीन में जा टकराया। इस हादसे में ऑटो चालक अभिदेव, उसमें सवार सरोजनीनगर के बदालीखेड़ा निवासी सुभाष (45), उन्नाव के अजगैन थाना अंतर्गत जैतीपुर निवासी महिला गुड़िया (40), उन्नाव के ही पुरवा निवासी हरीश तिवारी (45), बंथरा के रहीमनगर पड़ियाना निवासी महिला सुमन (45) और उसकी बेटी शिवानी (20) घायल हो गई।जबकि ब्रेजा कार चालक को भी चोटे आई हैं।
वहीं सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। लेकिन हरीश तिवारी और गुड़िया को गंभीर घायल होने के कारण उनके परिजन रेफर करा कर प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां उनका इलाज जारी है। उधर इस घटना के बाद लखनऊ से कानपुर जाने वाली पटरी पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। हालाकि बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे करा कर यातायात सुचारु कराया।



