लखनऊ जिला ओपन बैडमिंटन के पहले दिन अंडर-17, 11 और 9 में सेमीफाइनलिस्ट तय

  • अंडर-17 वर्ग में अर्नव, अरिंजय, सत्यम और सार्थक अंतिम चार में पहुंचे

 

लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता। एमजे बैडमिंटन अकादमी द्वारा आयोजित चार दिवसीय लखनऊ जिला बैडमिंटन ओपन टूर्नामेंट-2026 का बुधवार टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश खेल विभाग के क्रीड़ा अधिकारी संजीव सिंह ने किया। कंचना बिहारी मार्ग कल्याणपुर स्थित एमजे बैडमिंटन अकादमी में खेले गये पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में हुए कड़े और रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अगले दौर में जगह बनाई। टूर्नामेंट के आयोजक व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी-कोच आगा शाहिद ने बताया कि पहले दिन खिलाड़ियों के बीच बेहद उच्च स्तरीय और प्रतिस्पर्धात्मक मैच देखने को मिले।

अंडर-15 वर्ग में विशाल और शौर्य ने जीते रोमांचक मुकाबले
अंडर-15 बालक वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। विशाल गुप्ता ने अलंकृत सिंह को और शौर्य विक्रम ने आर्श व्रत शास्त्री को बेहद करीबी अंतर से 30-29 से पराजित किया। वहीं, अमृत ने अन्वय मौर्य को 30-26 और हार्दिक गौतम ने श्रेयांश मिश्रा को 30-25 से मात दी। इसके अलावा पुखराज मिश्रा, समर मेहरा, नमन सोनकर, अमृत, आनंद राज, पार्थ, उत्कर्ष, सार्थक यादव, श्रेयांश मिश्रा, आयुष पांडेय, पार्थ पांडेय और जय यादव ने भी अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।

अंडर-17 वर्ग में अर्नव, अरिंजय, सत्यम और सार्थक सेमीफाइनल में
अंडर-17 वर्ग में अंतिम चार की स्थिति साफ हो गई है। अर्नव मेहरोत्रा, अरिंजय सिंह, सत्यम यादव और सार्थक यादव ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मैच जीतकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। अर्नव ने वेदाभष राय को 15-8, 15-14 से हराया। अरिंजय सिंह ने प्रज्ज्वल पाठक को 30-28 के कड़े मुकाबले में शिकस्त दी। वहीं, सत्यम यादव ने गौरांग सिंह को 30-19 और सार्थक यादव ने यथार्थ कुमार को 30-25 से पराजित किया।

अंडर-13 वर्ग में कड़े संघर्ष के बाद अगले दौर में पहुंचे
अंडर-13 वर्ग में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रांजल प्रताप सिंह, अविराज, अथर्व गुप्ता, मोक्ष सिंह राठौर, गर्वित गुप्ता, अधिराज दास, दिव्यांश, शिवांश सक्सेना, अर्नव सिंह, वोरंगगोम, श्रेयांश मिश्रा और वीर विक्रम सिंह ने राउंड-32 में जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

अंडर-11 व अंडर-9 वर्ग में लक्ष्य और अविराज चमके
अंडर-11 वर्ग में तेजस प्रताप सिंह, लक्ष्य यादव और युवराज श्रीवास्तव ने क्वार्टर फाइनल मैच जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। लक्ष्य यादव ने एक बेहद रोमांचक मुकाबले में आरव को 12-15, 15-11, 15-5 से शिकस्त दी। इस वर्ग के चौथे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला बाद में होगा।  अंडर-9 वर्ग में अविराज श्रीवास्तव ने एकतरफा मुकाबले में अव्योम सिंह को 30-9 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अंडर-15 वर्ग में हार्दिक गौतम, आयुष पांडे और शौर्य विक्रम ने प्री-क्वार्टर फाइनल (अंतिम-16) के मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। इससे पहले खेले गए राउंड-32 के मैचों में सार्थक यादव, पुखराज मिश्रा, हार्दिक गौतम, आयुष पांडे, समर मेहरा, पार्थ पांडे, नमन सोनकर, विशाल गुप्ता, अमृत, आनंद राज, जय यादव, पार्थ और शौर्य विक्रम ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर का सफर तय किया।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *