सीतापुर सांसद राकेश राठौर को कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी

- एआईसीसी ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष बनाए गए, हीरा ठाकुर को भी मिली जिम्मेदारी
पायनियर संवाददाता।सीतापुर
सीतापुर के कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को कांग्रेस ने संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी अध्यक्ष ने राकेश राठौर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ओबीसी विभाग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से शनिवार को जारी नियुक्ति संबंधी जानकारी में यह घोषणा की गई। राकेश राठौर के साथ पूर्व एमएलसी एम. हीरा ठाकुर को भी एआईसीसी के ओबीसी विभाग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। हीरा ठाकुर हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। सितंबर में कांग्रेस में शामिल होने के दौरान राकेश राठौर भी कार्यक्रम में मौजूद थे। हीरा ठाकुर करीब 12 वर्ष तक विधान परिषद के सदस्य रहे हैं और उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
सीतापुर से दिल्ली तक बढ़ी जिम्मेदारी
राकेश राठौर 2024 में सीतापुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित होकर 18वीं लोकसभा पहुंचे। संसद की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार वह उद्योग संबंधी समिति के सदस्य भी हैं। सांसद के तौर पर राठौर ने सीतापुर से जुड़े बिजली, रेलवे, बाढ़ प्रबंधन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि समेत कई मुद्दे संसद में उठाए हैं। संसदीय रिकॉर्ड के मुताबिक अगस्त 2026 तक उन्होंने 55 प्रश्न पूछे हैं। अब पार्टी संगठन में ओबीसी विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी भूमिका संसदीय राजनीति के साथ संगठनात्मक स्तर पर भी बढ़ गई है। कांग्रेस के ओबीसी विभाग की कमान डॉ. अनिल जय हिंद के पास है। ऐसे में राठौर को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने को पार्टी के ओबीसी संगठन में उनकी भूमिका के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।



