सीडीओ ने की एनआरएलएम की समीक्षा पिछड़े ब्लॉकों को नोटिस के दिए निर्देश

शाहजहांपुर
। विकास भवन सभागार में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएमएम, सभी बीएमएम और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 में 19356 स्वयं सहायता समूह गठन का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष 5042 समूहों का गठन कर एलओकेओएस पोर्टल पर 100% फीडिंग की जा चुकी है। सबसे अधिक प्रगति तिलहर ब्लॉक में 46.17% रही। सीडीओ ने शेष 14314 समूहों के गठन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
राशन कार्ड और फैमिली आईडी के 330817 पात्र परिवारों में से 263043 को समूह से जोड़ा जा चुका है। 12 अगस्त के बाद से 58432 परिवार जोड़े गए हैं, जिसमें भवालखेड़ा में सर्वाधिक 7241 परिवार शामिल हैं। खुदागंज कटरा और ददरौल की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई।
डिजिटल आजीविका रजिस्टर में जिले की प्रगति 84.18% है। 18267 लखपति दीदियों में से 15378 की एंट्री अनुमोदित हो चुकी है। जलालाबाद 99.61% के साथ पहले स्थान पर है, जबकि कलान 42.82% के साथ सबसे पीछे है। लखपति दीदी पहचान में 88561 के लक्ष्य के सापेक्ष 20042 पेंडिंग हैं, जिसमें ददरौल में सबसे अधिक 55.23% पेंडेंसी है।
सीसीएल के वार्षिक लक्ष्य 4555 के सापेक्ष 1642 पत्रावलियां वितरित हुई हैं और 558 बैंक में लंबित हैं। बांदा में सर्वाधिक 177 सीसीएल वितरित हुर्इं। बिना खाते वाले 5195 समूह हैं, जिसमें बांदा में सबसे अधिक 593 हैं।सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी बीपीएम अपनी आईडी पर लंबित एसएचजी का तत्काल वेरिफिकेशन करें, 50% से कम प्रगति वाले ब्लॉकों को नोटिस दिया जाए और लखपति दीदी सर्वे व सीसीएल का लक्ष्य बैंकों से समन्वय कर शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।



