मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई

पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। स्वाधीनता दिवस के मद्देनजर चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एयरपोर्ट पर यात्रियों की अतिरिक्त अनिवार्य जांच की जाएगी। इसके…

साझा करें WhatsAppFacebookX
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। स्वाधीनता दिवस के मद्देनजर चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एयरपोर्ट पर यात्रियों की अतिरिक्त अनिवार्य जांच की जाएगी। इसके तहत सीआईएसएफ जवानों को जगह-जगह लगाया गया है। साथ ही संदिग्ध वस्तुओं की जांच के अलावा एयरपोर्ट पर आने वाले वाहनों और यात्रियों की सघन जांच की भी व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के चलते यात्रियों को सामान्य दिनों की अपेक्षा सुरक्षा जांच में अधिक समय लग सकता है।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी निर्धारित उड़ान के समय से पहले हवाई अड्डे पहुंचें, जिससे चेक-इन, सुरक्षा जांच और बोर्डिंग की प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें। इनमें टिकट, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक यात्रा दस्तावेज शामिल हैं। सुरक्षा जांच के दौरान किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए यात्रियों से निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने और सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करने को कहा गया है।

एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर के प्रमुख हवाई अड्डों पर सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है। इसी क्रम में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी सुरक्षा जांच और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इस दौरान प्रवेश द्वार से लेकर टर्मिनल परिसर तक सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अतिरिक्त सुरक्षा जांच को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और जल्दबाजी से बचें। उन्होंने कहा कि यात्रियों के सहयोग से एयरपोर्ट पर सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी।