प्राथमिक विद्यालय लोढ़ी में स्थापित हुई एस्ट्रो लैब, डीएम ने किया लोकार्पण
विद्यालयों में अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचार की अनोखी पहल

पायनियर। सोनभद्र
जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय लोढ़ी,रॉबर्ट्सगंज में स्थापित महर्षि आर्यभट्ट ‘एस्ट्रो लैब’ का लोकार्पण जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय उपस्थित रहे। जनपद सोनभद्र को डेटा- आधारित निपुण भारत मॉनिटरिंग डैशबोर्ड पर तृतीय स्थान प्राप्त करने के लिए नीति आयोग द्वारा सम्मानित किया गया था। इस उपलब्धि के तहत जनपद को 2 लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई थी।
इसी धनराशि से विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अंतरिक्ष विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने तथा विद्यालय में नवाचारपूर्ण शिक्षण वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से महर्षि आर्यभट्ट ‘एस्ट्रो लैब’ की स्थापना की गई है। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि नीति आयोग द्वारा जनपद को सम्मानित किया जाना अधिकारियों एवं शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इस उपलब्धि के तहत प्राप्त प्रोत्साहन राशि का उपयोग विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए करना एक सार्थक पहल है।उन्होंने कहा कि एस्ट्रो लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अंतरिक्ष की अवधारणाओं को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय मॉडल, विभिन्न गतिविधियों एवं प्रयोगात्मक अनुभवों के जरिए समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनपद की शैक्षिक उपलब्धियों का लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक विज्ञान, तकनीक एवं नवाचार से जुड़ने के बेहतर अवसर प्राप्त है।कार्यक्रम के दौरान अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।



