प्राचीन नाग देवता मंदिर के जीर्णोद्धार का शुभारंभ
प्राचीन नाग देवता मंदिर के जीर्णोद्धार का शुभारंभ

समस्त ग्रामवासियों की श्रद्धा और सहयोग से हो रहा जीर्णोद्धार,विधि-विधान से शुभारंभ
नानौता। ग्राम भोजपुर में आस्था के केंद्र प्राचीन कुलदेवता नाग मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का विधि-विधान से शुभारंभ किया गया।
उम्मीद है कि ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से मंदिर को भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जायेगा। बताया गया कि यह मंदिर ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और लंबे समय से इसके जीर्णोद्धार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। निर्माण पूर्ण होने के बाद मंदिर को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जायेगा।
मंदिर के पुनर्निर्माण में मुख्य रूप से गोच्छले गोत्र के लोगों की सहभागिता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य किसी एक परिवार का नहीं, बल्कि समस्त ग्रामवासियों की श्रद्धा और सहयोग से हो रहा है। सभी ने अपनी क्षमता अनुसार सहयोग का संकल्प लिया है।
शुभारंभ अवसर पर पंडित सूरज शर्मा, पंडित विशाल कौशिक और पंडित गौरव भारद्वाज मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्य शुरू कराया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि मंदिर बनने के बाद यहां धार्मिक आयोजन और पूजा-अर्चना होगी, जो आने वाली पीढ़ियों को परंपरा और संस्कृति से जोड़े रखेगा।



