निषाद समाज के युवा शिक्षा के क्षेत्र के आगे और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं-डॉ विनोद बिंद

पायनियर । चंदौली
जनपद स्थित चहनियां क्षेत्र के भुपौली स्थित महड़ौरा क्षेत्र में आयोजित ‘‘अपनों के बीच संवाद’’ कार्यक्रम में भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद एवं प्रमुख समाजसेविका रीना बिंद ने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान शिक्षा, सामाजिक विकास, युवाओं की भूमिका और समाज की वर्तमान स्थिति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
डॉ. विनोद बिंद ने उपस्थित लोगों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए निषाद समाज की पहले और वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। पहले शिक्षा के पर्याप्त अवसर और जागरूकता का अभाव होने के कारण समाज के अनेक लोग विकास की मुख्यधारा से पीछे रह जाते थे, लेकिन आज परिस्थितियां बदल रही हैं। निषाद समाज के युवा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाना और युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
प्रमुख समाजसेविका रीना बिंद ने कहा कि ‘‘आज आप लोगों को अपनी बात रखने का मौका मिला है। डॉ. भीमराव आंबेडकर जी ने संविधान में सभी को अपनी बात कहने और अपने अधिकारों को रखने का अधिकार दिया है।’’ उन्होंने युवाओं से कहा कि जब माता-पिता और गुरु उन्हें डांटते हैं तो उसे बुरा नहीं मानना चाहिए। माता-पिता और गुरु उनकी जिंदगी संवारने और उन्हें सही दिशा देने के लिए ऐसा करते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों को रखा। डॉ. विनोद बिंद ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि जनता से सीधा संवाद क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का बेहतर माध्यम है।
ऐसे संवाद से जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संबंध मजबूत होते हैं तथा विकास की दिशा तय करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम के आयोजकगण एवं क्षेत्रवासियों ने डॉ. विनोद बिंद और रीना बिंद का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान मिले स्रेह, सम्मान और आत्मीयता के लिए उन्होंने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजेश निषाद, राजेन्द्र, विजय निषाद, महेंद्र निषाद, मुरली निषाद, वकील, संजय, चंद्रिका निषाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



