मुख्यमंत्री धामी ने बर्नीगाड़ को दी 215 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात

- 194.61 करोड़ के 30 कार्यों का शिलान्यास, 22.36 करोड़ के आठ कार्यों का लोकार्पण
- राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ, मिनी स्टेडियम और स्थायी भवन की घोषणा
बर्नीगाड़/उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (कुंवा) परिसर में आयोजित सेवा सेतु अभियान के शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को उच्च शिक्षा की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए 215 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने महाविद्यालय के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान कुल 194 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत के 30 कार्यों का शिलान्यास किया गया, जबकि 22 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत के आठ कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से पुरोला विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क, शिक्षा, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विकास कार्यों को गति मिलेगी। शिलान्यास किए गए कार्यों में लोक निर्माण विभाग पुरोला के छह करोड़ रुपये की लागत के पांच कार्य, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के छह करोड़ 61 लाख रुपये की लागत के चार कार्य, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) खंड पुरोला के 176 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत के 18 कार्य और सिंचाई खंड पुरोला के पांच करोड़ 12 लाख रुपये की लागत के तीन कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने और सिंचाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा। इसी क्रम में लोकार्पित किए गए आठ कार्यों में लोक निर्माण विभाग बड़कोट का 97 लाख रुपये की लागत का एक कार्य, समग्र शिक्षा के अंतर्गत एक करोड़ 25 लाख रुपये की लागत के तीन कार्य, माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत एक करोड़ 36 लाख रुपये की लागत का एक कार्य तथा पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के अंतर्गत 18 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत के तीन कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में शिक्षा और सड़क सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा पात्र लोगों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक सरलता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ में पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में पहुंचकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति और युवाओं का उत्साह सरकार के लिए प्रेरणादायक है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 215 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो गई है और इसके स्थायी भवन का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की घोषणा भी की। उन्होंने डाडा गांव की छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, संपर्क, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों, किसानों, युवाओं, सैनिकों और महिलाओं के सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों, सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहल भी महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही हैं। चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है। पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री के बर्नीगाड़ आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 215 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं और राजकीय महाविद्यालय के उद्घाटन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। महाविद्यालय शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें पढ़ाई के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार और नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



