- अब भारतीय टीम की नजरें शुक्रवार को होने वाले नॉकआउट यानी सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया इसी लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
काकामिगहारा (जापान)। जापान के काकामिगहारा में खेले जा रहे पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने कोहराम मचा दिया है। बुधवार को खेले गए अपने आखिरी पूल ए मैच में भारतीय टीम ने चीनी ताइपे की धज्जियां उड़ाते हुए 13-1 के बड़े अंतर से एकतरफा और ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भारत की इस धमाकेदार जीत के हीरो रहे आशीष तानी पूर्ति, जिन्होंने मैच में शानदार हैट्रिक जमाई। इस जीत के साथ ही भारत ने शान से 9 अंकों के साथ शुक्रवार को होने वाले सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है।
तानी पूर्ति की हैट्रिक के अलावा गाजी-सिद्धार्थ और राहुल ने भी दागे शानदार गोल
पूरे मैच में भारतीय फॉरवर्ड लाइन और ड्रैगफ्लिकर्स का जलवा रहा। भारत के लिए स्टार खिलाड़ी आशीष तानी पूर्ति ने (27वें, 35वें और 42वें मिनट) में गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। उनके अलावा गाजी खान (40′, 44′), सिद्धार्थ बेन (30′, 52′) और राहुल यादव (20′, 54′) ने विरोधी टीम के डिफेंस को तहस-नहस करते हुए दो-दो गोल दागे। वहीं करण गौतम (7′), प्रेमचंद सोय (11′), कप्तान केतन कुशवाहा (13′) और वरिंदर सिंह (50′) ने एक-एक गोल कर चीनी ताइपे की करारी शिकस्त पर मुहर लगा दी।
मैच के 7वें मिनट में ही करण गौतम ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत का खाता खोला। इसके बाद 11वें मिनट में प्रेमचंद सोय ने जादुई फील्ड गोल कर बढ़त 2-0 की। पहले क्वार्टर के खत्म होने से ठीक पहले (13वें मिनट) कप्तान केतन कुशवाहा ने तीसरा गोल दागकर चीनी ताइपे को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
𝐆𝐎𝐀𝐋𝐒, 𝐆𝐋𝐎𝐑𝐘 & 𝐀 𝐒𝐄𝐌𝐈𝐅𝐈𝐍𝐀𝐋 𝐒𝐏𝐎𝐓 📸🇮🇳
A memorable outing for the Indian Men’s U18 Team as it powers past Chinese Taipei 13-1 to seal its spot in the semifinals of the U18 Asia Cup 2026. 🔥
Swipe through for the match-day moments. 🏑💙#HockeyIndia… pic.twitter.com/Q3wR4P42lG
— Hockey India (@TheHockeyIndia) June 3, 2026
दूसरे क्वार्टर में भी रनों (गोलों) की बारिश जारी रही। 20वें मिनट में राहुल यादव और 27वें मिनट में आशीष ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए स्कोर 5-0 कर दिया। 30वें मिनट में सिद्धार्थ ने एक और मैदानी गोल किया। हालांकि, हाफ-टाइम का हूटर बजने से ठीक पहले चीनी ताइपे के योंग-ज्यून झांग ने पेनाल्टी कॉर्नर पर एक सांत्वना गोल कर स्कोर 6-1 किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ब्रेक के बाद भारतीय टीम और ज्यादा आक्रामक नजर आई। 35वें मिनट में आशीष ने अपना दूसरा गोल दागा, जिसके बाद 40वें मिनट में गाजी खान ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। 42वें मिनट में आशीष ने एक और सेट-पीस पर गोल दागकर अपनी शानदार हैट्रिक पूरी की। 44वें मिनट में गाजी खान ने अपना दूसरा गोल करते हुए तीसरे क्वार्टर के खत्म होने तक भारत को 10-1 की विशाल बढ़त दिला दी।
आखिरी क्वार्टर में भी टीम इंडिया ने रहम नहीं दिखाया
आखिरी क्वार्टर में भी टीम इंडिया ने रहम नहीं दिखाया। 50वें मिनट में वरिंदर सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। इसके बाद 52वें मिनट में सिद्धार्थ और 54वें मिनट में राहुल यादव ने अपने-अपने कोटे का दूसरा गोल दागकर चीनी ताइपे की ताबूत में आखिरी कील ठोक दी और भारत ने 13-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारतीय टीम ने पूल चरण में कमाल का प्रदर्शन किया है। चार मैचों में से तीन में कजाकिस्तान, कोरिया और चीनी ताइपे को धूल चटाकर भारत ने कुल 9 अंक हासिल किए। हालांकि, मेजबान जापान के खिलाफ टीम को एक हार का सामना जरूर करना पड़ा, लेकिन इस धमाकेदार वापसी ने साफ कर दिया है कि भारतीय टीम अब गोल्ड मेडल से कम पर मानने वाली नहीं है। अब भारतीय टीम की नजरें शुक्रवार को होने वाले नॉकआउट यानी सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया इसी लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।










