मायावती आज करेंगी सांगठनिक मजबूती, चुनावी तैयारियों की समीक्षा बैठक

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती बृहस्पतिवार को पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सभी 75 जिला इकाइयों के अध्यक्षों के साथ बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करेंगी। बसपा की उत्तर प्रदेश प्रदेश इकाई द्वारा बुधवार को जारी एक बयान के अनुसार, यह बैठक यहां माल एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय में 11 बजे होगी।
बैठक में जमीनी स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने, विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने और मायावती द्वारा पहले जारी किए गए निर्देशों पर हुई प्रगति का आकलन करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसमें कहा गया कि बसपा प्रमुख चुनाव के लिए उपयुक्त उम्मीदवारों के चयन और समाज के विभिन्न वर्गों में पार्टी के समर्थन आधार को बढ़ाने के उपायों पर भी नए निर्देश जारी करेंगी। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दल 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर रहे हैं। हालांकि अभी तक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने की उम्मीद है। दलित वोट पर प्रभाव रखने वाली बसपा ने स्पष्ट किया है कि वह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अकेले ही मैदान में उतरेगी।



