खबर का असरः विधायक के गांव में जलजीवन मिशन का गड्ढा हुआ बंद

पायनियर में खबर छपते ही हरकत में आया विभाग, कंपनी के जेई ने मौके पर पहुंचकर कराई सड़क की मरम्मत
पायनियर संवाददाता। महोली/सीतापुर
पायनियर की खबर का एक बार फिर असर हुआ। मंगलवार के अंक में “विधायक के गांव में जलजीवन का गड्ढा, बारिश में ग्रामीणों की आफत” शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद जलजीवन मिशन से जुड़े जिम्मेदार हरकत में आए। पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क की मरम्मत करा दी गई, जिससे बारिश के बीच परेशान ग्रामीणों को राहत मिली है। महोली विधायक शशांक त्रिवेदी के गांव में जलजीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। पाइपलाइन डालने का काम पूरा होने के बाद संबंधित कंपनी ने सड़क की मरम्मत नहीं कराई। बारिश शुरू होने पर खोदी गई सड़क पर गड्ढे और कीचड़ होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया था। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क दुरुस्त कराने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। ग्रामीणों की परेशानी को पायनियर ने प्रमुखता से उठाया। खबर प्रकाशित होने के बाद नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी के जूनियर इंजीनियर श्रीनिवास मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद सड़क की मरम्मत का काम कराया गया। सड़क दुरुस्त होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को जिम्मेदारों तक पहुंचाने में खबर ने अहम भूमिका निभाई। बारिश के दिनों में गड्ढे और कीचड़ से परेशान लोगों को अब आवागमन में सहूलियत मिलेगी।



