सावन से ठीक पहले खोद दीं कांवड़ यात्रा की सड़कें, सभासद ने तत्काल मरम्मत की उठाई मांग

पीलीभीत। सावन माह में कांवड़ यात्रा शुरू होने के बीच नगर के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा कराई जा रही सड़क खुदाई को लेकर विरोध तेज हो गया है। वार्ड संख्या–25 के सभासद साकेत सक्सेना ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कांवड़ यात्रा मार्ग पर चल रही खुदाई को तत्काल रोकने, सड़क की मरम्मत कराने तथा अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।सभासद ने बताया कि नई पाइपलाइन बिछाने के नाम पर दूधिया मंदिर से निकलने वाले कांवड़ यात्रा मार्ग, काला मंदिर से लेखराज चौराहा, लेखराज चौराहा से होली चौराहा तथा चावला चौराहा तक कई स्थानों पर सड़क खोद दी गई है। इससे मार्ग पर आवागमन कठिन हो गया है और श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि सावन माह में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़िए इन्हीं मार्गों से भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए गुजरते हैं। शासन की मंशा भी कांवड़ यात्रा मार्गों को सुरक्षित, सुगम एवं गड्ढा मुक्त बनाए रखने की है, लेकिन इसके विपरीत महत्वपूर्ण मार्गों पर खुदाई कर सड़कें क्षतिग्रस्त छोड़ दी गई हैं।
सभासद ने यह भी आरोप लगाया कि नगर के कई स्थानों पर पहले की गई खुदाई का कार्य अभी तक अधूरा पड़ा है। ऐसे में पुराने कार्य पूरे किए बिना नए स्थानों पर खुदाई शुरू कर देना उचित नहीं है।

जिलाधिकारी को लिखे पत्र में सभासद ने मांग की है कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर चल रही खुदाई तत्काल रोकी जाए, प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत एवं समतलीकरण कराया जाए तथा नगर में पहले से खोदी गई सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त करने के बाद ही अन्य स्थानों पर खुदाई की अनुमति दी जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *