जिलाधिकारी ने दिए मानसून में टूटी सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं

- लापरवाही मिलने पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत निर्धारित समयसीमा में पूरी करने को कहा है। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही या मानकों में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर अभी तक गड्ढे नहीं भरे गए हैं, वहां तत्काल काम शुरू किया जाए। वहीं, पहले मरम्मत किए गए मार्गों पर गुणवत्ता खराब मिलने पर उन्हें दोबारा मानकों के अनुरूप ठीक कराया जाए। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंताओं को अपने क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण करने और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। कार्यों में देरी होने पर जवाबदेही तय की जाएगी।



