जिला मुख्यालय स्टेशन घोषित करने के लिये आज से हस्ताक्षर अभियान का होगा श्रीगणेश

- रेलवे स्टेशन पर सुबह 8 बजे से चालू किया जायेगा हस्ताक्षर अभियान
- रूरा को जिला मुख्यालय स्टेशन घोषित करने की मुहिम की होगी शुरूआत
पायनियर सॅवाददाता। रूरा, कानपुर देहात।रूरा रेलवे स्टेशन को जिला मुख्यालय स्टेशन घोषित करने के लिये आज से रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से ही वृहद हस्ताक्षर अभियान का शुभारम्भ किया जायेगा। उक्त जानकारी देते हुये व्यापार मण्डल जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता मोनू बताया कि अधिक से अधिक दैनिक यात्री, कस्बाई व क्षेत्रीय लोग हस्ताक्षर अभियान में सहयोग प्रदान करें, जिससे स्टेशन को जिला मुख्यालय स्टेशन घोषित करने में आसानी हो।
दिल्ली हावडा मार्ग पर स्थित रूरा रेलवे स्टेशन जनपद का प्रमुख स्टेशन है, जिला मुख्यालय, जिलासत्र न्यायालय से यह मात्र 15 किमी की दूरी पर स्थित है, दिल्ली, लखनऊ, हावडा, मुम्बई सहित देश के प्रमुख स्थानों पर जाने के लिये यह प्रमुख मार्ग है। वर्षों से रूरा रेलवे स्टेशन को जिला मुख्यालय घोषित किये जाने की माॅग की जाती रही है, परन्तु प्रशासनिक व राजनैतिक उदासीनता के चलते सभी पात्रतायें रखने के बाद रूरा को जिला मुख्यालय स्टेशन का दर्जा नहीं मिल पाया है। रविवार को चैयरमैन रामजी गुप्ता, डा0 अशोक मिश्रा, व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के नेतृत्व में पाथामाई मॅदिर में व्यापारियों, कस्बाईयों, क्षेत्रीय लोगों की उपस्थिति में आयोजित सभा में हस्ताक्षर अभियान चलाने की सहमति बनी थी, सोमवार को रूरा रेलवे स्टेशन के उत्तरी दिशा में टिकट घर के नजदीक सुबह 8 बजे से हस्ताक्षर अभियान का श्रीगणेश किया जायेगा।



