कानपुर देहात-केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद कानपुर देहात में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर जनपद कानपुर देहात में “Yoga for Healthy Ageing” थीम पर जिला स्तरीय भव्य एवं गरिमामय योग कार्यक्रम का आयोजन इको पार्क, माती में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश सरकार श्री अजीत सिंह पाल जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मा0 जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं जनपद के नोडल अधिकारी श्री शशि भूषण लाल सुशील जी, जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारीगण, मुख्य चिकित्साधिकारी, अतिरिक्त मजिस्टेªट, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त नरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, आयुष विभाग के अधिकारी विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, योग प्रशिक्षक, स्वयंसेवी संगठन, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, नोडल अधिकारी, जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा देखा एवं सुना गया। उनके प्रेरणादायी संदेशों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ किया।

इसके उपरांत प्रशिक्षित योगाचार्यों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योगाभ्यास के दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया गया तथा योग के स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई। माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अजीत सिंह पाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने एवं अपने परिवार तथा समाज को भी योग के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया। प्रमुख सचिव एवं नोडल अधिकारी श्री शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला होते हैं तथा योग इस दिशा में एक प्रभावी माध्यम है। जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में आयोजित योग सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों एवं योग संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में योग प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं योग प्रशिक्षकों को भी माननीय मंत्री जी द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह द्वारा माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अजीत सिंह पाल जी एवं प्रमुख सचिव एमएसएमई श्री शशि भूषण लाल सुशील को प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट किया गया। योग दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश देते हुए माननीय मंत्री जी, नोडल अधिकारी एवं जिलाधिकारी द्वारा इको पार्क परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
मा0 जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति व नागरिकों की सहभागिता के साथ जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पुलिस लाइन तथा अन्य शासकीय कार्यालयों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के समन्वय से किया गया। अंत में जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह द्वारा सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया तथा जनपदवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इसी के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।










