- हैंडलूम डे: विद्या बालन ने भारतीय बुनकरों के हुनर को किया नमन
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन ने नेशनल हैंडलूम डे के अवसर पर भारतीय हथकरघा परंपरा और बुनकरों के सम्मान में एक भावुक संदेश साझा करते हुए लोगों से असली हैंडलूम सिल्क और ‘सिल्क मार्क’ वाले उत्पादों को अपनाने की अपील की।विद्या बालन ने अपने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और संदेश में कहा, “हर हैंडलूम सिल्क साड़ी अपनी एक ऐसी कहानी कहती है, जिसे कोई मशीन कभी दोहरा नहीं सकती।” उन्होंने कहा कि नेशनल हैंडलूम डे के अवसर पर उन कारीगरों का सम्मान किया जाना चाहिए, जिनकी मेहनत और हुनर ने भारत की कालातीत बुनाई परंपराओं को जीवित रखा है। उन्होंने लोगों से शुद्ध रेशम की खरीदारी के समय ‘सिल्क मार्क’ अवश्य देखने की अपील करते हुए कहा कि यही असली शुद्ध रेशम की पहचान है।
वीडियो में विद्या ने कहा कि हैंडलूम सिल्क साड़ियों का हर धागा, हर मोटिफ और हर बारीकी कलाकारों की मेहनत तथा पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा का प्रतीक होती है। यही कारण है कि हर हैंडलूम सिल्क साड़ी अपने आप में अनूठी होती है।
विद्या बालन का यह संदेश भारतीय हथकरघा विरासत के संरक्षण और उससे जुड़े लाखों बुनकरों एवं कारीगरों के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ लोगों को भारतीय पारंपरिक शिल्प और असली हैंडलूम उत्पादों का समर्थन करने के लिए प्रेरित करता है।