मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

राजस्थान में विवाह कराने के नाम पर किशोरियों की तस्करी करने वाला गैंग चढ़ा पुलिस के हत्थे

महिला सरगना समेत पति गिरफ्तार पायनियर समाचार सेवा लखनऊ। गरीब और अनाथ किशोरियों को बहला-फुसलाकर विवाह का झांसा देकर उत्तर प्रदेश से राजस्थान ले जाकर बेचने वाले मानव तस्करी गैंग की महिला सरगना सोनम कुमारी और उसके पति भूपेन्द्र चौहान निवासी बम्बोरी,…

साझा करें WhatsAppFacebookX
राजस्थान में विवाह कराने के नाम पर किशोरियों की तस्करी करने वाला गैंग चढ़ा पुलिस के हत्थे

महिला सरगना समेत पति गिरफ्तार

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। गरीब और अनाथ किशोरियों को बहला-फुसलाकर विवाह का झांसा देकर उत्तर प्रदेश से राजस्थान ले जाकर बेचने वाले मानव तस्करी गैंग की महिला सरगना सोनम कुमारी और उसके पति भूपेन्द्र चौहान निवासी बम्बोरी, थाना जलौधा जागीर,राजस्थान को मोहनलालगंज पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी अमित कुमार आनंद व एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने कोतवाली पहुंचकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की। डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के गनियार गांव निवासी कमलेशा ने 12 मई को तहरीर देकर बताया था कि बेटी-दामाद की मौत के बाद उसकी दो नाबालिग नातिनें उसके साथ रहती थीं। एक रिश्तेदार बाल अपचारी ने अपनी साथी प्रिया पटेल निवासी पूरे भोला, मेजरगंज थाना भदोखर, जनपद रायबरेली के साथ मिलकर दोनों किशोरियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने 18 मई को दोनों नाबालिग बहनों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरियों ने बताया कि उन्हें अनुराग यादव निवासी पूरेडरक कोडरस बिजुर थाना मिलएरिया, रायबरेली, उसकी प्रेमिका प्रिया पटेल तथा एक बाल अपचारी बहला-फुसलाकर राजस्थान के कोटा ले गए थे, जहां उन्हें शादी के नाम पर बेचने की तैयारी थी। इसके बाद उपनिरीक्षक सौरभ सिंह की टीम ने प्रिया पटेल, उसके प्रेमी अनुराग यादव, मो. अख्तर निवासी कोरिहर सतांव थाना गुरुबक्शगंज तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

पूछताछ में प्रिया पटेल ने खुलासा किया था कि वह आर्थिक रूप से कमजोर और अनाथ किशोरियों को राजस्थान स्थित गैंग की सरगना सोनम कुमारी और उसके पति भूपेन्द्र चौहान के हवाले कर देती थी, जिसके बदले उसे तस्करी की रकम मिलती थी। इसी खुलासे के बाद पुलिस टीम सरगना दंपती की तलाश में जुट गई थी। शनिवार को उपनिरीक्षक सौरभ सिंह ने पुलिस टीम के साथ गैंग की सरगना व उसके पति को गिरफ्तार कर लिया।