गड्ढे में गिरी स्कूटी, महिला की मौत

पैरेंट मीटिंग से बेटे के साथ लौट रही थी घर, गौशाला रोड पर हादसाजर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मलिहाबाद में शनिवार दोपहर जर्जर गौशाला रोड पर गड्ढे के कारण स्कूटी गिरने से महिला की मौत हो गई। हादसे के समय महिला अपने बेटे वेदांश के साथ सेंट मैरी स्कूल से बेटे अर्जुन के पैरेंट मीटिंग में शामिल होकर घर लौट रही थी। बेटा हादसे में बाल-बाल बच गया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मलिहाबाद के मिर्जागंज निवासी व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता की पत्नी स्वाति गुप्ता (38) शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अपने बड़े बेटे वेदांश (15) के साथ स्कूटी से सेंट मैरी स्कूल में पैरेंट मीटिंग में शामिल होने गई थीं।
वहां से लौटते समय गौशाला रोड पर धर्मकांटा के पास स्कूटी अचानक सड़क पर बने गड्ढे के चलते अनियंत्रित होकर स्कूटी पलटने से स्वाति गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका बेटा वेदांश बाल-बाल बच गया।हादसे के बाद मौके पर जुटे राहगीरों ने घायल स्वाति को आनन-फानन मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतका के परिवार में पति और दो बेटे हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला रोड लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की मरम्मत के लिए कई बार तहसील प्रशासन और उच्च अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर कई आरा मशीनें संचालित हैं। यहां से भारी वाहन आम के बोटे लादकर गुजरते हैं, जिसके कारण सड़क लगातार क्षतिग्रस्त होती जा रही है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और गहरे गड्ढों को भरवाने की मांग की है।



