- परेड और सम्मान समारोह होगा मुख्य आकर्षण
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर ध्वजारोहण करेंगे। समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने परेड ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, यातायात संचालन, विद्युत आपूर्ति, स्वागत-सत्कार, स्वच्छता और पेयजल सहित सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को माइक्रो प्लानिंग के तहत आपसी समन्वय से काम करने और किसी भी व्यवस्था में कमी न रहने देने को कहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम और समारोह के लाइव प्रसारण के लिए लगाई जाने वाली एलईडी स्क्रीन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
पुलिस बैंड की धुन पर होगा भव्य परेड समारोह
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों को सम्मानित करेंगे। डीएम ने पुलिस परेड और सलामी कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यक्रम को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में वर्ष 1947 के विभाजन पीड़ितों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं, नगर निगम परिसर में शाम को विशेष कवि सम्मेलन होगा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्मृति दिवस की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, पीडी विक्रम सिंह समेत लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए, पर्यटन, उद्यान, पूर्ति और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।