- डीलरों को कमिश्नर दीपक रावत की कड़ी चेतावनी
- डीलरों पर 15 गुना लाइफटाइम टैक्स का जुर्माना
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल में बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने ऐसे वाहनों की बिक्री और संचालन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने कहा कि नियमानुसार किसी भी वाहन को बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के सार्वजनिक सड़क पर संचालित नहीं किया जा सकता। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे दोपहिया वाहन सामने आने पर उन्होंने परिवहन विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।
दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि यदि कोई वाहन डीलर ग्राहक को बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के वाहन बेचकर उसे सड़क पर चलाने की अनुमति देता है, तो संबंधित डीलर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में लाइफटाइम टैक्स का 15 गुना जुर्माना लगाए जाने का प्रावधान है।
उन्होंने संभागीय परिवहन अधिकारियों, हल्द्वानी और अल्मोड़ा को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे दोपहिया वाहनों को चिन्हित कर संबंधित डीलरों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सात दिनों के भीतर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। कमिश्नर ने कहा कि नियमों का उद्देश्य वाहन चालकों की सुरक्षा के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। प्रशासन सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।