- यूपी टी-20 लीग सीजन 4 के नौवें मुकाबले में नोएडा किंग्स ने गोरखपुर लायंस को तीन विकेट से हराया
लखनऊ,पायनियर। अनिवेश चौधरी की आखिरी ओवर में खेली गई तूफानी पारी के दम पर नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग के नौवें मुकाबले में गोरखपुर लायंस को तीन विकेट से हरा दिया। 186 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही नोएडा किंग्स को आखिरी ओवर में 18 रन की जरूरत थी। अनिवेश ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को एक गेंद शेष रहते जीत दिला दी। उन्होंने 15 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए।
इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में गोरखपुर लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 185 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी रही और अभय प्रताप सिंह व कप्तान आर्यन जुयाल ने पहले विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। नोएडा के गेंदबाजों ने इसके बाद वापसी की और लगातार विकेट हासिल किए।अभय प्रताप सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों पर 70 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में आक्रामक शॉट लगाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद सिद्धार्थ यादव ने महज 28 गेंदों पर 51 रन की तेजतर्रार पारी खेली। पार्थ पलावत ने भी उपयोगी रन जोड़े, जिससे गोरखपुर की टीम 185 रन तक पहुंचने में सफल रही।
नोएडा किंग्स की ओर से बॉबी यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 48 रन देकर चार विकेट लिए। वासु वत्स ने भी तीन विकेट चटकाए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 46 रन के स्कोर तक तीन विकेट गंवा दिए। चौथे ओवर में वासु वत्स ने दो विकेट लेकर गोरखपुर को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस दौरान प्रभावी खिलाड़ी अब्दुल रहमान ने शानदार कैच भी लपका।
पढ़ें: कप्तान रिंकू सिंह के अर्धशतक से मेरठ मावेरिक्स विजयी, DLS से लखनऊ फाल्कन्स हारा
मुश्किल में फंसी नोएडा की पारी को आदित्य शर्मा और रवि सिंह ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। आदित्य ने 39 रन बनाए, जबकि रवि सिंह ने 28 गेंदों पर 49 रन की तेज पारी खेली। दोनों की साझेदारी ने नोएडा को फिर मुकाबले में ला खड़ा किया।15वें ओवर में विशाल निषाद ने आदित्य शर्मा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अगले ओवर में प्रिंस यादव ने प्रशांत वीर को पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। वासु वत्स ने वापसी करते हुए रवि सिंह का महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया और नोएडा की मुश्किलें बढ़ा दीं।
अंतिम दो ओवर में नोएडा किंग्स को जीत के लिए 23 रन की जरूरत थी। गोरखपुर के गेंदबाज अब्दुल रहमान ने 19वें ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल पांच रन दिए। इससे आखिरी ओवर में नोएडा के सामने 18 रन का लक्ष्य रह गया।आखिरी ओवर की पहली गेंद पर कार्तिक सिद्धू रन आउट हो गए और गोरखपुर की जीत लगभग तय नजर आने लगी। लेकिन अनिवेश चौधरी ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार दो छक्के जड़ दिए। इसके बाद दो रन लेकर उन्होंने समीकरण को दो गेंदों पर चार रन तक पहुंचा दिया। अनिवेश ने अगली गेंद पर चौका लगाकर नोएडा किंग्स को एक गेंद शेष रहते रोमांचक जीत दिला दी। वह 15 गेंदों पर 34 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले मैच का उद्घाटन उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक डॉ. राज शेखर ने पारंपरिक घंटा बजाकर किया। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, सदस्य संजीव कुमार सिंह और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनविंदर बिस्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
