ब्रेक फेल होने से चारधाम यात्रियों से भरी बस पलटी, बड़ा हादसा टला

ऋषिकेश-श्रीनगर हाईवे पर तोताघाटी के पास दुर्घटना

39 यात्री थे सवार चार घायल

सोनू पायनियर संवाददाता। टिहरी गढ़वाल

ऋषिकेश-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह चारधाम यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस के ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस तोताघाटी के पास सड़क पर पलट गई। हालांकि बस खाई में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारधाम यात्रा से लौट रही बस संख्या यू के 04 पी ए 0418 रविवार सुबह ऋषिकेश की ओर आ रही थी। सुबह करीब 8:30 बजे तोताघाटी के निकट अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सड़क पर पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में ढालवाला और ब्यासी पोस्ट की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ के अनुसार, बस में कुल 39 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 3 से 4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। वहीं अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *