बारिश से फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग को सपाइयों का प्रदर्शन
रत्नेश गंगवार के नेतृत्व में जुलूस निकालकर तहसील पहुंचे कार्यकर्ता, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा

बीसलपुर। जिले में भारी बारिश और जलभराव से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर में ज़ोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेता
डॉ. रत्नेश गंगवार के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए 12 पत्थर चौराहे से तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकाला गया।
तहसील पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने किसानों की फसल क्षति का मुद्दा उठाते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी नागेंद्र पांडे को सौंपा गया। ज्ञापन में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल पारदर्शी सर्वे कराने, फसलों को हुए नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई।
सपा नेताओं ने कहा कि भारी बारिश और जलभराव के कारण बड़ी संख्या में किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं। किसान पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में शासन-प्रशासन को बिना देरी किए क्षति का सर्वे कराकर किसानों को राहत उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया तो समाजवादी पार्टी किसानों के हक में आंदोलन तेज करेगी।
प्रदर्शन में शैलेश शर्मा, गायत्री गंगवार, रामचंद्र पटवा, भगवानदास प्रजापति, बलीउल्ला, रफीक अंसारी, नन्हे चौधरी, उमाशंकर, मधु यादव, रवि कश्यप समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, सपा महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव दिव्या गंगवार के कैंप कार्यालय पर हुई बैठक में भी बारिश और जलभराव से बर्बाद हुई फसलों का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग उठाई गई।



