मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
नैनीताल

रातीघाट में मानवतावादी दिवस पर जागरूकता शिविर

विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी पायनियर समाचार सेवा। नैनीताल/रातीघाट। विश्व मानवतावादी दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज रातीघाट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया…

साझा करें WhatsAppFacebookX
रातीघाट में मानवतावादी दिवस पर जागरूकता शिविर
  • विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

पायनियर समाचार सेवा। नैनीताल/रातीघाट। विश्व मानवतावादी दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज रातीघाट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश और जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रशांत जोशी के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ आम लोगों को आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, नशा उन्मूलन और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई। सिविल जज (सीडी) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पारुल थपलियाल की मौजूदगी में एसडीआरएफ टीम ने आपदा की स्थिति में प्राथमिक उपचार और बचाव के तरीकों का प्रशिक्षण दिया। बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने और आग जैसी आपदाओं के दौरान राहत एवं रेस्क्यू कार्यों की जानकारी दी गई।

प्रतिभागियों को सीपीआर की प्रक्रिया समझाते हुए बताया गया कि आपात स्थिति में यह जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। पुलिस विभाग की एनटीएफ टास्क फोर्स के प्रभारी रमेश पंत ने नशे के दुष्प्रभाव और एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। साइबर सेल प्रभारी मीनू गौतम ने आॅनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील करते हुए साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने को कहा। पारुल थपलियाल ने विश्व मानवतावादी दिवस की महत्ता बताई। उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम के तहत हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और यातायात नियमों के पालन की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य एसपी सिंह समेत पुलिस एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।